ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने शारदा विश्वविद्यालय में अपनी पत्रिका ‘मुक्त स्वर’ का विमोचन व होली मिलन समारोह का किया आयोजन

ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने शारदा विश्वविद्यालय में अपनी पत्रिका ‘मुक्त स्वर’ का विमोचन व होली मिलन समारोह का किया आयोजन

पत्रकारिता, समाज, संस्कृति और प्रेरणा का एक सशक्त एवं प्रेरणादायक मंच ….अध्यक्ष नरेंद्र भाटी
ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की ओर से वार्षिक कार्यक्रम का भव्य और गरिमामयी आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब की वार्षिक पत्रिका ‘मुक्त स्वर’ का विधिवत विमोचन किया गया, वहीं रंगों और सौहार्द से सजा होली मिलन समारोह कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय और सराहनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को पांच अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल, गरिमापूर्ण एवं प्रभावी संचालन प्रोफेसर डॉ. कुमार शर्मा ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात राधा-कृष्ण की मनोहारी प्रस्तुति ने वातावरण को आध्यात्मिक और उल्लासपूर्ण बना दिया। साईं अक्षरधाम विद्यापीठ के विद्यार्थियों द्वारा सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उसके सामाजिक दायित्वों पर आधारित प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को सोचने पर विवश कर दिया। इसके साथ ही देशभक्ति एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को ऊर्जावान बना दिया।

कार्यक्रम में प्रेरक व्यक्तित्व अमर चौधरी की ओजस्वी प्रस्तुति ने उपस्थितजनों को प्रेरणा से भर दिया। समापन अवसर पर राधा-कृष्ण के संग फूलों की होली ने आयोजन को रंगों और भावनाओं से सराबोर कर यादगार बना दिया।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्र गौरव खेल सम्मान से भारतीय वॉलीबॉल टीम की कप्तान निर्मल तंवर, शिक्षा सम्मान से शिक्षाविद् डॉ. रीना वर्मा, चिकित्सा सम्मान से डॉ. शैलेश रोजा, समाज सेवा प्रेरणा सम्मान से प्रवीण भारतीय तथा प्रेरणा सम्मान से अमर चौधरी को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वहीं प्रेस क्लब के महासचिव नितिन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में राजनीतिक, पुलिस, प्रशासनिक एवं प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, महिलाएं, पत्रकार साथी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब की ओर से कार्यक्रम में पधारे सभी सम्मानित अतिथियों, वक्ताओं, कलाकारों, आयोजकों, सामाजिक प्रतिनिधियों, महिलाओं और मीडिया साथियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। प्रेस क्लब ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और समर्थन से पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने की यह यात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी। यह आयोजन पत्रकारिता, समाज, संस्कृति और प्रेरणा का एक सशक्त एवं प्रेरणादायक मंच बनकर उभरा।



