
ग्रे- नो: कस्बा दादरी में सोमवार को नगर पालिका की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर नाले से आगे सड़क पर आ रहे अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटा दिया। इस दौरान लोगों ने नगर पालिका की टीम का विरोध किया। इस पर नगरपालिका ने अवेध अतिक्रमण का हवाला देते हुए कार्रवाई की बात कही।

अधिशासी अधिकारी दीप्ति शुक्ला के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम सोमवार की सुबह 10बजे से ही दादरी बस स्टैंड पे पहुंची। नगर पालिका की टीम और पुलिस बल के साथ पहुंचे अपर अभियंता जयपाल सिंह ने बताया कि लोगों ने अवैध रूप से लंबे-लंबे रैंप दुकानों के बाहर बनवाए हुए हैं। जिसके कारण न तो नाली की सफाई हो पाती है। बरसात में सड़को में इस कारण जलभराव हो जाता है, जिसके कारण भारी नुकसान झेलना पड़ता है। जिसकी वजह से ये अभियान चलाने के निर्देश दिए। भविष्य में भी यदि इस प्रकार का अतिक्रमण होता है। तो अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान के दौरान बड़ी संख्या में दुकानों को हटाया गया। अवर अभियंता ने चेतावनी दी है कि हटाये गये स्थानों पर यदि फिर से अतिक्रमण कर दुकाने लगाई गईं तो ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। दादरी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी। अभियान के दौरान दादरी नगर पालिका परिषद के कई कर्मचारी मौजूद थे।



